
अल्मोड़ा। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड स्याल्दे की न्याय पंचायत भरसोली में आर्य इंटर कॉलेज में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर निस्तारण किया गया। शिविर में विधायक महेश जीना और मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 112 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों एवं विभागीय सेवाओं के लिए मिले 272 आवेदनों पर कार्रवाई की गई, जबकि विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से 490 लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर राजस्व, पंचायत राज, कृषि एवं कृषक कल्याण, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पशुपालन, सैनिक कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सेवायोजन, बाल विकास, उद्यान, जलागम तथा डाक विभाग सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिल्खवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।


