

रुद्रपुर। बीमा पॉलिसी पर बड़ी धनराशि लौटाने का लालच देकर साइबर ठगों ने चीनी मिल में कार्यरत एक कर्मचारी से 13.46 लाख रुपये ठग लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किच्छा स्थित चीनी मिल लिमिटेड परिसर निवासी मोहन स्वरूप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने पहले एचडीएफसी बैंक शाखा किच्छा के माध्यम से बीमा पॉलिसी कराई थी, जिसे बाद में आर्थिक परेशानियों के चलते बंद कर दिया था। इसके बाद उन्होंने रिलायंस बीमा कंपनी से दूसरी पॉलिसी ली।
पीड़ित के अनुसार जनवरी 2026 में उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई स्थित बीमा परिषद नियंत्रण निकाय कार्यालय का बीमा लोकपाल राजेश शर्मा बताया। आरोपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि बताए गए नियमों का पालन करने पर रिलायंस बीमा पॉलिसी के जरिए उन्हें आकर्षक धनराशि मिलती रहेगी।
झांसे में आकर मोहन स्वरूप ने नौ जनवरी से दो अप्रैल के बीच अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से कुल 13.46 लाख रुपये जमा कर दिए। आरोपियों ने उन्हें पांच मई तक 76.08 लाख रुपये लौटाने का भरोसा दिया था।
निर्धारित तिथि पर जब उन्होंने संबंधित मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया तो सभी नंबर बंद मिले। इसके बाद उन्हें अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ।
कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

