
बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र के जालेख के क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं भराड़ी के व्यापारी तारा सिंह कोरंगा (48) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव खीरगंगा नदी के किनारे स्थित उनके आवास के नीचे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
बताया गया कि घटना की रात तारा सिंह घर पर अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी और माता-पिता गांव में थे। शनिवार सुबह पड़ोस की एक तीन वर्षीय बच्ची ने बरामदे से नीचे शव देखा और इसकी जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
मृतक के पिता मोहन सिंह ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे बेटे को फोन किया था, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। ग्रामीणों के अनुसार तारा सिंह रात करीब 10:20 बजे तक गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में सक्रिय थे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी की ओर से तहरीर नहीं मिली है।
तारा सिंह कोरंगा के निधन पर भराड़ी बाजार के व्यापारियों ने शोक व्यक्त करते हुए शनिवार को बाजार बंद रखा और शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

