
काशीपुर(आरएनएस)। रविवार सुबह बेरिया दौलत चौकी के पास एक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने किसान को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार ग्राम चंदनपुरा, बेरिया दौलत निवासी 65 वर्षीय जागीर सिंह पुत्र बलवंत सिंह रविवार पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे साइकिल से किसी कार्य से बेरिया दौलत गए थे। वापस घर लौटते समय चौकी के समीप बाजपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बेरिया चौकी इंचार्ज नरेश मेहरा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार चालक को वाहन समेत पकड़ लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।पांच महीने पहले बेटे की मौत, अब पिता भी चले गएग्रामीणों के मुताबिक जागीर सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। करीब पांच महीने पहले उनके पुत्र प्रगट सिंह की सांप के काटने से मौत हो गई थी। परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब घर के मुखिया की सड़क हादसे में मौत ने परिजनों को गहरे शोक में डुबो दिया है। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता राजेश कुमार ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

