
अल्मोड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड चौखुटिया के राजकीय इंटर कॉलेज मासी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। द्वाराहाट विधायक मदन सिंह बिष्ट की उपस्थिति में आयोजित शिविर में 810 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में कुल 972 लोगों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों के माध्यम से लोगों को योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें संबंधित विभागों के समक्ष रखीं। कुल 152 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 141 का निस्तारण किया गया। विभिन्न प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 47 आवेदन भी प्राप्त हुए। विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिविर में ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, उपज्येष्ठ प्रमुख जितेंद्र सिंह बंगारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष देवी, उपजिलाधिकारी सुनील कुमार, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, खंड विकास अधिकारी सुंदर दरियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
