
रुद्रपुर(आरएनएस)। गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में बुधवार को अमावस पर हजारों संगत ने मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। यहां धार्मिक दीवान का आयोजन हुआ। धार्मिक जत्थों ने गुरुओं की महिमा का गुणगान किया। बुधवार तड़के से ही संगत गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचने लगी थी। यहां पवित्र सरोवर में स्नान किया। मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। पंजा साहिब की परिक्रमा की। दिनभर श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। अमावस पर सजे धार्मिक दीवान में भाई सुरेन्द्र सिंह पारस, भाई साधा सिंह, भाई सुखचैन सिंह, भाई सुखविंदर सिंह एमए, भाई जरनैल सिंह ने गुरुओं की महिमा का गुणगान कर संगत को निहाल किया। पंच प्यारों ने अमृत संचार कराया। लंगर हॉल में अटूट लंगर बरता गया, जहां हजारों संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। यहां गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी अध्यक्ष जोगिंदर सिंह, महासिचव अमरजीत सिंह, सचिव हरभजन सिंह, हरभाग सिंह, देवेंद्र सिंह, गुरवंत सिंह, गुरदयाल सिंह मौजूद रहे।

