
अल्मोड़ा। नगर निगम सभागार में मंगलवार को 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर अजय वर्मा, मुख्य नगर आयुक्त, सहायक आयुक्त और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद ने प्रस्तुतीकरण और वीडियो के माध्यम से जिले के आयुर्वेदिक चिकित्सालयों तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से आयुर्वेद को चिकित्सा के रूप में प्राथमिकता देने की अपील की। कार्यक्रम के बाद महापौर अजय वर्मा और नगर आयुक्त ने संबोधित किया। इस दौरान डॉ. मोहम्मद शाहिद को जिले में आयुर्वेद के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, पार्षदों और नागरिकों का आभार जताया। कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षद, कार्मिक और आमजन मौजूद रहे।

