
विकासनगर। देहरादून-शिमला बाईपास रोड पर कुंजाग्रांट में गुर्जर बस्ती के समीप अज्ञात वाहन ने एक स्कूटर सवार को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की सहायता से युवक को देहरादून के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शनिवार सुबह करीब सवा नौ बजे कुल्हाल चौकी पुलिस को सूचना मिली कि कुंजाग्रांट में गुर्जर बस्ती के पास एक स्कूटर सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूटर का पता किया, जिस का पंजीकरण अनीता बिष्ट फॉरेस्ट कॉलोनी पांवटा के नाम पर मिला। वाहन में मिले मोबाइल नंबर पर फोन किया तो बात करने वाले युवक पारस बिष्ट ने बताया कि मेरा भाई सारंग बिष्ट (25) पुत्र जगदीश सिंह बिष्ट फॉरेस्ट कॉलोनी पांवटा हिमाचल प्रदेश से स्कूटर से देहरादून जा रहा था। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को सिनर्जी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सारंग को मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी कुल्हाल दीनदयाल सिंह ने बताया कि पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

