
ऋषिकेश। नगर निकाय ऋषिकेश के शताब्दी समारोह की शुरुआत बुधवार को मैराथन से होगी। दोपहर से शाम तक खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहेंगे। इसके मद्देनजर मेयर अनिता ममगाईं ने बैठक में ट्रैफिक, सुरक्षा समेत पेयजल, विद्युत आदि व्यवस्थाएं चाकचौबंद रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। सोमवार को नगर निकाय के शताब्दी समारोह को लेकर मेयर अनिता ममगाईं ने पुलिस, लोनिवि, ऊर्जा निगम, जलसंस्थान, परिवहन, स्वास्थ्य विभाग आदि विभागों के अफसरों की बैठक ली। 9 नवंबर को होने वाली मैराथन दौड़ के रूट पर चर्चा की गई। मेयर ने कोतवाल रवि कुमार सैनी को मैराथन दौड़ के दौरान यातायात व्यवस्था और मैराथन दोनों बाधित ना हो इसके लिए पहले से ही ट्रैफिक प्लान तैयार करने के लिए कहा। साथ ही देर शाम पंजाबी और भोजपुरी नाइट और 10 नवंबर को गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी नाइट के दौरान भी कार्यक्रम स्थल नगर निगम प्रांगण में सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के मामले में चर्चा की। बैठक में ऊर्जा निगम के अधिकारियों से कहा गया कि कार्यक्रम के दौरान शटडाउन अथवा रोस्टिंग पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर किसी भी तरह के टेक्निकल फाल्ट से निपटने के लिए कर्मचारी व अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। एनएच व पीडब्ल्यूडी को तत्काल क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्डे भरने, जल संस्थान के अधिकारियों से पेयजल की समूचित व्यवस्था करने और स्वास्थ्य विभाग से मैराथन के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था करने के लिए कहा गया।


