
देहरादून। छात्रवृत्ति के लिए परेशान सैकड़ों छात्रों की मुसीबत थमने का नाम नहीं ले रही। शुक्रवार को भी डीएवी कॉलेज में संबंधित अधिकारियों के ना होने से छात्रों के आवेदन नहीं हो पाए। जिस पर छात्रों ने वहां जमकर हंगामा किया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी तक कर डाली।
छात्रों ने आरोप लगाया कि शीतकालीन अवकाश के बाद कॉलेज में छात्रवृत्ति से संबंधित अधिकारी नहीं दिख रहे हैं। जिस कारण छात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति के आनलाइन आवेदन में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर अब तक सभी छात्रों को आई कार्ड मुहैया ना कराने का भी आरोप लगाया। छात्र नेता सुरेश कुमार ने बताया कि छात्रवृत्ति आवेदन के लिए आई कार्ड सहित कई दस्तावेज अनिवार्य होते हैं। लेकिन जिन छात्रों के एडमिशन होने के बावजूद आई कार्ड नहीं आ पाए हैं वे आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। जबकि 15 जनवरी तक ही आवेदन पोर्टल खुला है। ऐसे में बड़ी संख्या में छात्र भी आवेदन के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गुरुवार को भी छात्रवृत्ति से संबंधित अधिकारी-कर्मचारी कॉलेज में नहीं मिले थे और शुक्रवार को भी वे कॉलेज में नहीं मिले। जिस कारण छात्रों के 2 दिन और आवेदन के बिना ही खराब हो गए।
छात्र नेता सुरेश कुमार के अनुसार कॉलेज में ऑनलाइन आवेदन में कभी कर्मचारी ना होने, कभी प्रिंटर तो कभी इंटरनेट की दिक्कत के चलते छात्रों को परेशान होकर आसपास के साइबर कैफे में जाकर आवेदन करने पड़ रहे हैं। जिसमें कई साइबर कैफे 300 से 400 रुपये तक छात्रों से वसूल रहे हैं। ऐसे में छात्रवृत्ति से पढ़ाई करने वाले छात्र ऑनलाइन आवेदन के लिए इतना पैसा कैसे दे पाएंगे। इसकी शिकायत कॉलेज प्रशासन से करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

