
विकासनगर। नगर के केनाल रोड स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में बुधवार को प्ले ग्रुप के बच्चों को बुलाया गया। मामले की जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान करीब पंद्रह बच्चे विद्यालय परिसर में विभिन्न गतिविधियां करते हुए पाए गए। इसके बाद अधिकारियों ने शिक्षण संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति जिला मुख्यालय से की है। उप शिक्षाधिकारी हिमांशु कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि केनाल रोड स्थित स्कूल में प्ले ग्रुप के नौनिहालों को विद्यालय में बुलाए जाने की शिकायत मिली। जिसके बाद मौके पर स्कूल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रांगण और कक्षा कक्षों में पंद्रह से अधिक बच्चे शारीरिक और क्रीड़ा संबंधी गतिविधियां करते हुए पाए गए। इस संबंध में प्रधानाचार्य से बात करने पर वे अभिभावकों के सहमति पत्र नहीं दिखा पाए। इसके साथ ही कोरोना काल में प्राथमिक स्तर तक के सभी शिक्षण संस्थान सरकारी आदेश पर बंद हैं। बावजूद इसके विद्यालय प्रबंधन ने सरकारी आदेश की अवहेलना करते हुए नौनिहालों के स्वास्थ्य को खतरे में डाला है। जिसके चलते विद्यालय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संस्तुति जिला शिक्षाधिकारी से की गई है। कहा कि जब तक सरकार की ओर से प्राथमिक स्तर के विद्यालयों को खोलने की अनुमति नहीं मिलती तब तक छोटे बच्चों को बुलाने वाले शिक्षण संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, संबंधित विद्यालय के डायरेक्टर जेडी सिंह ने बताया कि नौनिहालों के लिए एक कैंप का आयोजन किया गया था, जिसमें अभिभावकों की सहमति से ही बच्चों को बुलाया गया।

