

अल्मोड़ा। दीपावली पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने जनपदभर में सघन चेकिंग और गश्त अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सभी थाना-चौकी क्षेत्रों और यातायात पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग, रात्रि गश्त तथा होटल-रेस्टोरेंट की जांच की जा रही है। सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 176 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की, जबकि दो वाहनों को सीज किया गया। पुलिस का उद्देश्य त्योहारी सीजन में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखना है। पुलिस द्वारा होटल, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों की नियमित चेकिंग के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे बाहरी व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है। अल्मोड़ा पुलिस ने लोगों से दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने, वाहन सावधानीपूर्वक चलाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी है। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों और मकान मालिकों से अपने कर्मचारियों एवं किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील की गई है।





