

अल्मोड़ा। लंबे इंतजार के बाद नगर के अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। मंगलवार को मार्ग के 210 मीटर हिस्से में पैच वर्क शुरू किया गया। सड़क सुधारीकरण की मांग को लेकर लगातार प्रयास कर रहे पार्षद वैभव पांडे की पहल के बाद काम शुरू होने से क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। पार्षद ने पूजा-अर्चना कर विधिवत रूप से निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक का मार्ग नगर के महत्वपूर्ण रास्तों में शामिल है। सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए पार्षद वैभव पांडे ने कई बार जिलाधिकारी अंशुल सिंह से मुलाकात कर मरम्मत की मांग उठाई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद सड़क मरम्मत का कार्य शुरू हो सका।
पार्षद वैभव पांडे ने कार्य शुरू होने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर उन्होंने कई बार जिलाधिकारी से मुलाकात कर जनहित में मार्ग को दुरुस्त कराने का अनुरोध किया था। जिलाधिकारी ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाना और उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़क की मरम्मत शुरू होने से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा होगा, जिससे लोगों का आवागमन सुगम हो सकेगा।
निर्माण कार्य के चलते अलेक्जेंडर गेट से कोतवाली तक संबंधित मार्ग पर काम पूरा होने तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि निर्माण कार्य बिना बाधा के पूरा हो सके।
सड़क मरम्मत शुरू होने से स्थानीय लोगों को इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति सुधरने की उम्मीद है। निर्माण कार्य के शुभारंभ के दौरान टम्टा मोहल्ला की पार्षद नेहा टम्टा सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।





