

अल्मोड़ा। नेशनल हाईवे पर कई स्थानों पर क्रैश बैरियर नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। इन स्थानों पर पूर्व में कई हादसे हो चुके हैं। वहीं, सुरक्षा अवरोधों के अभाव में गोवंश के सड़क से नीचे गिरकर चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। जनसुरक्षा और बेजुबान पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेडक्रॉस ने इस समस्या को प्रशासन के समक्ष उठाया है। इस संबंध में रेडक्रॉस की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नेशनल हाईवे के दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि सड़क किनारे सुरक्षा अवरोध नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से गोवंश के लिए यह स्थिति खतरनाक साबित हो रही है और कई बार पशु चोटिल हो जाते हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नेशनल हाईवे के अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। रेडक्रॉस की इस पहल से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और लोगों के साथ गोवंश को भी हादसों से बचाने की उम्मीद जगी है। रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने जनहित से जुड़े इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष उठाते हुए संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर आवश्यक क्रैश बैरियर लगाने की मांग की, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। जिलाधिकारी से मिलने वालों में रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित साह मोनू, यूथ रेडक्रॉस सचिव मनोज भंडारी मंटू, यूथ रेडक्रॉस उपसचिव अभिषेक जोशी, अनुनय पांडे, अनुज साह, रोहित शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





