


हरिद्वार(आरएनएस)। भेल के श्रमिक संगठन हैवी इलेक्ट्रिकल वर्कर्स ट्रेड यूनियन ने कर्मचारियों को एक नवंबर तक कम से कम 70 हजार रुपये दीवाली बोनस देने की मांग की है। सेक्टर-3 स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित बैठक में बोनस के साथ कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। यूनियन ने ज्वाइंट कमेटी की ऑनलाइन बैठक कराने का विरोध करते हुए प्रबंधन से पूर्व की तरह ऑफलाइन बैठक बुलाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर बैठक की तिथि घोषित नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए यूनियन अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रामयश सिंह ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कई कंपनियों ने कर्मचारियों के दिवाली बोनस की घोषणा कर दी है, लेकिन भेल प्रबंधन ने अब तक ज्वाइंट कमेटी की बैठक की तिथि तय नहीं की है।उन्होंने जल्द बैठक बुलाकर बोनस की राशि निर्धारित करने की मांग की। यूनियन के महामंत्री विकास सिंह ने नए सदस्यों नीरज बघेल, बसंत कुमार, दिनेश सैनी, मंजय कुमार, ओमप्रकाश पाल, राजकुमार और दीपक बागला सहित अन्य का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द प्रबंधन से वार्ता की जाएगी। उन्होंने आर्टिजन भर्ती में मृतक आश्रितों के बच्चों का कोटा 15 से बढ़ाकर पहले की तरह 25 प्रतिशत करने, कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को अलग आरक्षण देने और कोरोना में मृत कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता जारी रखने की मांग की। यूनियन के कार्यवाहक अध्यक्ष रवि कश्यप ने छुट्टी या रविवार को ड्यूटी करने पर ओवरटाइम का भुगतान करने की मांग उठाई। कार्यवाहक अध्यक्ष सुभाष पुरोहित ने कैंटीन व्यवस्था में सुधार, अस्पताल में चिकित्सकों की भर्ती, सुविधाएं बढ़ाने और लैपटॉप वितरण जल्द करने की मांग की। भेल श्रमिक यूनियन के महामंत्री सचिन चौहान ने इंसेंटिव, उपनगरी में रखरखाव, सड़क मरम्मत और जलापूर्ति की समस्याओं के समाधान की मांग की। बैठक का संचालन राकेश मालवीय ने किया। इस दौरान मार्केंडेय सिंह, संदीप सिंघानियां, चंद्रमोहन बघेल, सुमित गर्ग, सुनील कुमार, नवीन गिरी, मोहित, सतेन्द्र प्रताप सिंह, भगत रावत, अजीतपाल सिंह, प्रह्लाद चौहान, अजय सिंह, गोपाल राठी और बाबूलाल सहित यूनियन के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।



