


बागेश्वर। सोशल मीडिया पर कथित फर्जी फेसबुक आईडी और पेज बनाकर भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने का मामला सामने आया है। कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने रविवार को बैजनाथ पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
फर्स्वाण ने तहरीर में आरोप लगाया कि फेसबुक पर उनके नाम और पहचान से मिलते-जुलते नामों से आईडी और पेज बनाकर भ्रामक पोस्ट प्रसारित की जा रही हैं। इनमें ‘समर्थक ललित फर्स्वाण’, ‘अपना कपकोट’ और ‘कपकोट की आवाज’ जैसे नाम शामिल हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इन पेजों के जरिए उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व विधायक ने संबंधित फेसबुक आईडी और पेजों की जांच करने, पोस्ट की सत्यता की पड़ताल करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पोस्ट और स्क्रीनशॉट की जांच कर आवश्यक कदम उठाने का भी अनुरोध किया। बैजनाथ के कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि मामला डिजिटल सुरक्षा और प्रतिष्ठा से जुड़ा है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से विमर्श किया जा रहा है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



