


हरिद्वार(आरएनएस)। इब्राहिमपुर गांव में घर के गेट पर स्कूटर चढ़ाने के लिए रैंप बनाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और लोहे की सरियां चलने से एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए। महिला के सिर में 16 टांके आए हैं, जबकि एक घायल को गंभीर हालत में देहरादून स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 14 लोगों के खिलाफ क्रॉस मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, इब्राहिमपुर निवासी जावेद ने तहरीर देकर बताया कि नौ अक्तूबर को उसके चाचा चांद खां घर के गेट पर स्कूटर चढ़ाने के लिए रैंप बना रहे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के शौकीन, तस्लीम, शमीम, वसीम, मेहंदी, ममरेज और अरसलान समेत अन्य लोग लाठी-डंडों, लोहे की सरियों और धारदार हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने रैंप तोड़ने के साथ घर में रखे सामान में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर चांद खां, जावेद की मां कमर जहां और चाची नाजरीन के साथ मारपीट की गई। जावेद के अनुसार, हमले में कमर जहां के सिर में 16 टांके आए और बाएं हाथ की हड्डी टूट गई। चांद खां और नाजरीन को भी गंभीर चोटें आईं। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चांद खां को देहरादून स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने इस पक्ष की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष के तस्लीम की तहरीर पर पुलिस चांद खां, गुलफाम, उमर, जावेद, परवेज, अली, दिलू और जाकिर के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज कर चुकी है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कुल 14 लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



