


बागेश्वर। ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बागेश्वर पुलिस की एसओजी टीम ने केमू कार्यालय के पास चेकिंग के दौरान 8.01 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंकज कुमार उर्फ फट्टी (25) पुत्र नंदराम, निवासी बानरी मंडलसेरा, बागेश्वर के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर की गई कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ कोतवाली बागेश्वर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है। साथ ही स्मैक तस्करी से जुड़े उसके आगे और पीछे के संपर्कों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 में अल्मोड़ा में एनडीपीएस एक्ट, वर्ष 2024 में मारपीट और धमकी, वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट तथा वर्ष 2026 में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी के उपनिरीक्षक जीवन सिंह सामंत, कांस्टेबल कुलदीप वर्मा, भुवन बोरा, एसओजी/एएनटीएफ के कांस्टेबल संतोष सिंह और चालक कांस्टेबल विजय कुमार शामिल रहे।



