

अल्मोड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत भिकियासैंण विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज जीनापानी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल की उपस्थिति में आयोजित शिविर में 734 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं का समाधान करना रहा। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं के माध्यम से 454 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। विभिन्न विभागों से संबंधित प्रमाण-पत्रों और सेवाओं के लिए 143 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, शिविर में आई 20 जनसमस्याओं और आवेदनों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं का समाधान किया जा रहा है। परियोजना निदेशक केएन तिवारी ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा, खंड विकास अधिकारी गोपाल सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




