

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे 32 प्रधानाध्यापकों को प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति दी गई है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद शासन ने पदोन्नति के साथ ही सभी को विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में रिक्त पदों के सापेक्ष तैनाती भी दे दी है।
सचिव विद्यालयी शिक्षा ज्योति यादव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, देहरादून जिले में 12 प्रधानाचार्यों को तैनाती मिली है। हरिद्वार में पांच, नैनीताल में चार, उत्तरकाशी, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर में तीन-तीन तथा टिहरी और चमोली में एक-एक प्रधानाचार्य तैनात किए गए हैं।
शासन ने सभी पदोन्नत प्रधानाचार्यों को 15 दिन के भीतर नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद इसकी अनुपालन आख्या शासन को भेजनी होगी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि स्थायी प्रधानाचार्यों की तैनाती से विद्यालयों के संचालन, शैक्षणिक अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी।



