

उत्तरकाशी। थौलधार ब्लॉक के डोबरा-नकोटखोली (कमांद) मोटर मार्ग पर सार्वजनिक बस सेवा शुरू नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। करीब 20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सीमित टैक्सी सेवा के चलते लोगों को तीन से चार किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पैदल चलकर चंबा-धरासू हाईवे तक पहुंचना पड़ता है। कई बार जरूरी काम से जाने के लिए ग्रामीणों को 50 रुपये के किराये के बजाय 500 रुपये में टैक्सी बुक करनी पड़ती है।
बस सेवा के अभाव में डोबरा, उप्पू, भिल्डियाना, डांग, मठियाली, ल्वारखा, मंजोली, रत्वाड़ी, चोपड़ा और नकोटखोली के ग्रामीण प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार ऋषिकेश से डोबरा-चांठी होते हुए लंबगांव जाने वाली बस डोबरा तक ही आती है। इसके आगे उप्पू, भिल्डियाना, डांग और चोपड़ा समेत अन्य गांवों के लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी वाहन नहीं मिल पाते। सुबह-शाम सीमित टैक्सी सेवा होने से लोगों को पैदल चलने या महंगे किराये पर टैक्सी बुक करने को मजबूर होना पड़ता है।
जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र रांगड़, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख महावीर चंद रमोला, भगवान सिंह राणा, सुमेर सिंह पंवार, नत्थी चंद रमोला, माधव रतूड़ी, पुष्पा देवी और प्रभा देवी ने परिवहन विभाग तथा टीजीएमओ से चंबा से डोबरा होते हुए नकोटखोली तक नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
टीजीएमओ ऋषिकेश के अध्यक्ष बलवीर सिंह रौतेला ने कहा कि बस सेवा शुरू कराने के लिए क्षेत्र के लोग टीजीएमओ को प्रस्ताव दे सकते हैं। प्रस्ताव मिलने के बाद मोटर मालिकों से बातचीत कर सेवा संचालन के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।



