

अल्मोड़ा। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा की ओर से शुक्रवार को साइबर जागरूकता रैली निकाली गई। उप-महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल के मार्गदर्शन में आयोजित रैली क्षेत्रक मुख्यालय से एनटीडी बाजार होते हुए कसार देवी मोड़ तक गई और वहां से वापस मुख्यालय पहुंची। साइबर जागरूकता माह के तहत आयोजित इस रैली का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इसके बाद क्षेत्रक मुख्यालय परिसर में साइबर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में उप-कमांडेंट रविनन्द झा ने जवानों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, साइबर ठगी, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी धोखाधड़ी, फिशिंग लिंक तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और अपना ओटीपी या बैंकिंग विवरण किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी तपन कुमार दास, उप-कमांडेंट रविनन्द झा, सहायक कमांडेंट राजकुमार सहित अधीनस्थ अधिकारी और अन्य जवान मौजूद रहे।



