

अल्मोड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्याल्दे के आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज जौरासी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। विधायक महेश सिंह जीना की उपस्थिति में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से 470 लोगों को लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 648 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर में लोगों ने 22 शिकायतें और प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए, जिनमें से 19 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, विभिन्न प्रमाणपत्र बनवाने के लिए 89 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान की पहल की गई। विधायक महेश सिंह जीना ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। शिविर में दर्जा राज्य मंत्री पीसी नैनवाल, उत्तराखंड चाय विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष महेश्वर सिंह मेहरा, ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त डुंगरियाल, तहसीलदार आविद अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



