

सोमेश्वर। उपजिला अस्पताल में एक्सरे मशीन और एंबुलेंस लंबे समय से खराब होने से मरीजों को हो रही परेशानी को लेकर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अस्पताल प्रशासन से मुलाकात की। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीएमएस डॉ. कमलेश जोशी से मुलाकात कर दोनों व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक्सरे मशीन खराब होने से मरीजों को जांच के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि एंबुलेंस खराब होने के कारण जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने दोनों व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने की मांग की। राजू भट्ट ने कहा कि उपजिला अस्पताल क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में आवश्यक सुविधाओं का लंबे समय तक बंद रहना मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। सीएमएस डॉ. कमलेश जोशी ने आश्वासन दिया कि एक्सरे मशीन और एंबुलेंस को चार दिन के भीतर ठीक कराने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान राजू भट्ट, भुवन दोसाद, प्रकाश खाती, हीरा मेहरा, रणजीत बोरा, कैलाश कुमार, गणेश बजेठा और नवल किशोर जोशी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





