
अल्मोड़ा। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर अल्मोड़ा पुलिस ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में साइबर जागरूकता अभियान चलाकर वरिष्ठ नागरिकों और छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी तथा महिला अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी ने चौबटिया में वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदेश, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी, बैंकिंग एवं यूपीआई ठगी तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों की जानकारी दी गई। पुलिस ने अनजान कॉल, लिंक और संदिग्ध संदेशों पर भरोसा न करने तथा ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, पिन, सीवीवी और अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी से साझा नहीं करने की अपील की। वरिष्ठ नागरिकों को अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन भुगतान नहीं करने और बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई। साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत करने की जानकारी दी गई। साथ ही परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
