
अल्मोड़ा। वन्यजीव सप्ताह-2026 के अवसर पर अल्मोड़ा वन प्रभाग की ओर से वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर संबोधित किया। इस अवसर पर वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व के महत्व की जानकारी दी। विद्यार्थियों और आमजन को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने तथा जैव विविधता के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बीयरशिबा स्कूल अल्मोड़ा, जीजीआईसी अल्मोड़ा, तक्षशिला स्कूल अल्मोड़ा और राजकीय इंटर कॉलेज स्यालीधार सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित प्रस्तुतियां देकर संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान आशीष कश्यप ने सांपों की सजीव प्रदर्शनी के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, गंगा बिष्ट, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, ललित लटवाल, पार्षद अमित सह, प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी काकुल पुंडीर, वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्य सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
