
रुद्रपुर(आरएनएस)। कांग्रेस विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने भाजपाइयों पर एनएसयूआई के महाविद्यालय इकाई के अध्यक्ष को पुलिस कस्टडी में पीटने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर मंगलवार को कोतवाली में हंगामा भी हुआ। विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा के एजेंट की तरह काम कर छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई प्रत्याशियों को हराने के लिए काम कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक कापड़ी ने आरोप लगाया कि हल्दी गांव के अनुसूचित जाति के एनएसयूआई कार्यकर्ता शानू भारती को दो दिन पहले सत्रहमील चौकी पुलिस ने जबरन चौकी में बिठाया। जबकि उसके विरुद्ध कोई मामला नहीं था।दो सिपाहियों ने उसका मानसिक उत्पीड़न किया। उससे छात्रसंघ चुनाव से दूर रहने के लिए धमकाया। बताया कि मंगलवार सुबह एनएसयूआई के महाविद्यालय इकाई के अध्यक्ष पवन कुमार जो अनुसूचित जाति के हैं, उन्हें सत्रहमील पुलिस ने सुबह ही चौकी में बिठा लिया। उसके ऊपर भी कोई मामला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कांग्रेस के अनुसूचित जाति के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है। आरोप लगाया कि पुलिस कस्टडी में भाजपाइयों ने पवन को पीटा। इससे उसके गाल और पैर में चोट आई है। चोटिल होने के बाद पुलिस उसे सरकारी अस्पताल न ले जाकर निजी अस्पताल ले गई। यह पुलिस की सोची-समझी साजिश थी।
