
अल्मोड़ा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा की ओर से 53वें कृषि विज्ञान मेले का आयोजन 28 सितंबर को संस्थान के प्रायोगिक प्रक्षेत्र हवालबाग में किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा।
मेले में किसानों के लिए रबी फसलों की नवीन एवं उन्नत प्रजातियों के बीजों की बिक्री, खरीफ फसलों की विभिन्न प्रजातियों का सजीव प्रदर्शन तथा पर्वतीय क्षेत्रों के लिए विकसित कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा किसानों द्वारा उत्पादित वस्तुओं और विभिन्न कृषि रसायनों की बिक्री भी की जाएगी।
मेले में किसान गोष्ठी का भी आयोजन होगा। इसमें संस्थान के वैज्ञानिक किसानों की खेती संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे तथा कृषि की नवीन एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी देंगे।
मेले में स्टॉल लगाने के इच्छुक लोग टोल-फ्री नंबर 1800-180-2311, कार्यालय फोन 05962-230208 अथवा संस्थान के ईमेल director.vpkas@icar.org.in और directorvpkasalmora@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं। संस्थान की ओर से समस्त काश्तकारों को कृषि विज्ञान मेले में आमंत्रित किया गया है।

