
विकासनगर। श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हो गई। छह पदों पर एक-एक प्रत्याशी के नामांकन दाखिल करने से इस बार भी छात्रसंघ चुनाव निर्विरोध होने की स्थिति बन गई है। हालांकि, शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
अध्यक्ष पद पर रोहित भारती, उपाध्यक्ष पद पर रोहित आर्य, सचिव पद पर मुकेश भारती, सहसचिव पद पर विनिया, कोषाध्यक्ष पद पर खुशी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर शेखर कुमार ने नामांकन दाखिल किया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. निरंजन प्रजापति ने बताया कि छात्रों ने आपसी सहमति से प्रत्येक पद पर एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
महाविद्यालय में निर्विरोध निर्वाचन की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 2004-05 में हुई थी। स्थापना के बाद अधिकांश सत्रों में छात्र-छात्राएं आपसी सहमति और तालमेल से निर्विरोध चुने जाते रहे हैं। वर्ष 2015-16, 2016-17 और 2017-18 में ही महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव हुए थे। इसके बाद लगातार निर्विरोध निर्वाचन होता आया है।
महाविद्यालय में निर्विरोध निर्वाचन की परंपरा को छात्र-छात्राओं के बीच आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण से जोड़कर देखा जाता है। इस बार भी सभी पदों पर एक-एक नामांकन होने से परंपरा के कायम रहने की संभावना बनी हुई है।
