
देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हंगामा करना एक सिक्योरिटी गार्ड को भारी पड़ गया। ओएसिस मॉल परिसर में डिलीवरी देने पहुंचे एक डिलीवरी बॉय से विवाद के बाद सिक्योरिटी गार्ड ने कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके उग्र व्यवहार को देखते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार 21 सितंबर की रात की है। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस को सूचना मिली कि ओएसिस मॉल परिसर में एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहा है और सामान की डिलीवरी देने पहुंचे युवक के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना पर जोगीवाला चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर एक व्यक्ति को शराब के नशे में डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते पाया। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ और कथित तौर पर दोबारा मारपीट का प्रयास करने लगा। स्थिति बिगड़ने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी महेंद्र सिंह (45) निवासी डिफेंस कॉलोनी, नेहरू कॉलोनी, देहरादून को भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ओएसिस मॉल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है। पुलिस के अनुसार शराब के नशे में डिलीवरी बॉय से उसकी बहस हुई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ने पर उसने कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी।

