
द्वाराहाट। आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर द्वाराहाट पुलिस ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रबंधन के साथ गोष्ठी की। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट विनोद जोशी की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में चुनाव के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखने को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई। पुलिस ने कॉलेज प्रशासन से चुनाव अवधि में अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। गोष्ठी में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कॉलेज स्टाफ को साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने फर्जी लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी और बैंकिंग से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। साथ ही सोशल मीडिया का सावधानी और जिम्मेदारी से उपयोग करने, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की गई। पुलिस ने नशे से संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस के साथ साझा करने के लिए भी प्रेरित किया। इसके अलावा डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।


