


अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन अभियान के अंतर्गत अल्मोड़ा जनपद के 12 विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय संवाद कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थी 18 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम में राज्यभर से चयनित 140 विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ संवाद से पहले शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी चयनित विद्यार्थियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन तथा महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विद्यार्थियों के सुझाव सुने जाएंगे। विभागीय अधिकारी उपयोगी एवं व्यावहारिक सुझावों की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को उपलब्ध कराएंगे। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन अभियान की शुरुआत 10 अगस्त 2026 को हुई थी। इसके तहत कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों से राज्य के विकास और भविष्य को लेकर विचार आमंत्रित किए गए थे। अभियान में राज्य के 2,67,744 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने विचार भेजकर सहभागिता प्रमाणपत्र प्राप्त किया। प्राप्त प्रविष्टियों का विशेषज्ञ समिति द्वारा मूल्यांकन करने के बाद 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों के विचारों को शासन की नीति-निर्धारण प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया है। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 12 के बाद करियर कोचिंग के लिए अधिकतम दो लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप दिए जाने की घोषणा भी की गई है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना तथा उनके नवाचारपूर्ण सुझावों को सरकारी योजनाओं एवं नीतियों में उपयोग करना है।

