


अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज मनान में विकासखंड ताकुला की द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से 46 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक विज्ञान समन्वयक डॉ. संजय पांडे ने की, जबकि संचालन ब्लॉक विज्ञान सह समन्वयक अंकित जोशी ने किया। विभिन्न चरणों में आयोजित विज्ञान क्विज में विद्यार्थियों ने त्वरित सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और विषयगत ज्ञान का परिचय दिया। सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज मनान की कामाक्षी ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज सोमेश्वर की उदिता जोशी ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज गणानाथ के लव कांडपाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज चनौदा की चंचल भाकुनी प्रथम, रा. उ. मा. वि. लोध की आरुषि द्वितीय तथा श्री राम विद्या मंदिर डोटियालहलगांव के प्रत्यूष सिंह तृतीय रहे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान संबंधी प्रश्नों और गतिविधियों के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, जिज्ञासा एवं त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं। आयोजकों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं सहयोगी विद्यालयों का आभार जताते हुए भविष्य में भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करने की बात कही।

