
धौलछीना पुलिस ने गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाकर परिजनों से किया संपर्क
शेराघाट में सरयू नदी में मिला शव
अल्मोड़ा। रविवार को शेराघाट क्षेत्र में सरयू नदी में अज्ञात शव दिखाई देने की सूचना पर धौलछीना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। ग्राम सभा सल्यूड़ी के प्रधान पति महेश सिंह बोहरा ने पुलिस को सूचना दी थी। थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
सरहदी थानों से जुटाई गुमशुदा लोगों की जानकारी
पुलिस ने निर्धारित एसओपी के तहत शव के संबंध में आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। इसके साथ ही सरहदी जनपदों के थानों से संपर्क कर गुमशुदा व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जांच में बागेश्वर जनपद में एक व्यक्ति के आठ सितंबर को सरयू नदी में नहाते समय बहने की जानकारी सामने आई।
11 सितंबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी
पुलिस को जानकारी मिली कि नदी में बहने वाले व्यक्ति की गुमशुदगी 11 सितंबर को संबंधित थाने में दर्ज की गई थी। इसके बाद धौलछीना पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर बरामद शव के फोटोग्राफ भेजे और उन्हें मौके पर बुलाया।
28 वर्षीय किशन राम के रूप में हुई पहचान
परिजनों ने शव की पहचान किशन राम उर्फ कुणाल पुत्र रमेश चंद्र, निवासी ग्राम बिमौला, थाना बैजनाथ, जनपद बागेश्वर, उम्र 28 वर्ष के रूप में की। शिनाख्त के बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की।
पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेजा शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी, अल्मोड़ा भेज दिया है। मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



