
अल्मोड़ा(आरएनएस)। मां नंदा देवी मेले को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को चौघानपाटा, माल रोड और एलआर साह रोड क्षेत्र में अभियान चलाकर नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले 28 वाहन चालकों के चालान किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों की आवाजाही को सुगम बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह तथा प्रभारी इंटरसेप्टर सुमित पाण्डे के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग की। पुलिस टीम ने नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों की जांच करते हुए यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मेले के दौरान शहर में श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। अल्मोड़ा पुलिस ने वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने तथा नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। पुलिस का चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।


