
विकासनगर(आरएनएस)। महासू देवता मंदिर हनोल में 13 सितंबर को होने वाले जागड़ा मेले की सुरक्षा को पांच मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। मेले में पीएसी, भारी पुलिस बल और एसडीआरएफ की भी तैनाती रहेगी। जागड़ा मेला वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल की थीम पर आयोजित होगा। मेले के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को संभालने के लिए एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार, त्यूणी एसडीएम प्रेमलाल, तहसीलदार विकासनगर विवेक राजौरी, तहसीलदार त्यूणी सुशीला कोठियाल और नायब तहसीलदार सदर जितेंद्र सिंह रावत को मजिस्ट्रेट के तौर पर हनोल में तैनात किया गया है। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिले से पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है।आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की तैनाती भी की गई है। प्रशासन का फोकस भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही पर रहेगा। हनोल मंदिर में साज-सज्जा का काम शनिवार शाम तक पूरा होने की उम्मीद है। अन्य व्यवस्थाएं भी अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार को लोनिवि, जल संसाधन, आरडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, एनएच डिविजन डोईवाला, थाना पुलिस और तहसील प्रशासन की टीमें व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी रहीं। मंदिर समिति के सदर सयाणा, विशिष्ट सदस्य चमन सिंह, कोषाध्यक्ष आरएस रावत, थानाध्यक्ष कुलदीप शाह, रजिस्ट्रार कानूनगो भोपाल दास, राजस्व उप निरीक्षक विशाल खत्री व मनमोहन सिंह, लोनिवि सुपरवाइजर बलबीर राणा, जल संसाधन जेई जगदीश पंत, प्रबंधक नरेंद्र नौटियाल, विक्रम राजगुरु, ललित और जयकिशन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।

