
अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज चौरा, हवालबाग के खेल मैदान में शुक्रवार को पातलीबगड़ न्याय पंचायत के न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ 2026-27 का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। मां सरस्वती की वंदना के साथ शुरू हुए खेल महाकुंभ में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान उस्कोना देवेंद्र सिंह महरा, विनोद जोशी ने फीता काटकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस दौरान अतिथियों का बैज अलंकरण और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों, विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावक-शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और विद्यालय परिवार की मौजूदगी में प्रतियोगिताओं का आगाज हुआ। मुख्य अतिथि देवेंद्र सिंह महरा ने कहा कि खेल महाकुंभ ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने और नियमित अभ्यास के जरिए अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया। ग्राम प्रधान अथरबनी विनोद जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि लेनी चाहिए। खेल आज केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि इसमें बेहतर करियर बनाने की भी व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। ग्राम प्रधान स्यूरा प्रमोद जोशी ने कहा कि खेलों का सीधा संबंध स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से है। नियमित रूप से खेलों में प्रतिभाग करने से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी नवनीत कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करती हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-19 वर्ग की लंबी कूद स्पर्धा में बालक वर्ग में रोहित आर्या ने प्रथम, कृष्ण गंगोला ने द्वितीय और हर्षित बिष्ट ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में हर्षिता बिष्ट ने प्रथम, ममता बिष्ट ने द्वितीय और हिमानी बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान वल्सा पूरन सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान भनरगांव नंदन सिंह नेगी, ग्राम प्रधान कनालबूंगा अजय मेहरा, ग्राम प्रधान नाकोट के प्रतिनिधि संतोष कुमार, ग्राम प्रधान बड़सीमी अनिल कुमार टम्टा, एसएमसी अध्यक्ष भगवती पांडे, पीटीए अध्यक्ष दीपा बिष्ट तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी नवनीत कुमार पाण्डेय, अनुज कुमार उपाध्याय, नन्दा भाकुनी, राजेश बिष्ट, दिनेश पाण्डेय, नरेन्द्र पाल सिंह, डॉ मनोज जोशी, मनीष जोशी, बिहारी लाल विश्वकर्मा, हरीश लाल, मीनाक्षी राना, भगवन्त लाल, सुरेश चन्द्र, किरन भाकुनी, आनन्द सिंह, सुनीता मेहरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज चंद्र जोशी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने सहयोग प्रदान किया।



