
अल्मोड़ा(आरएनएस)। सरकारी सेवाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार की राष्ट्रव्यापी पहल ‘रिफॉर्म उत्सव’ को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न संगठनों से सुझाव लेकर उन्हें प्रशासनिक सुधारों में शामिल करने की रणनीति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभाग अपनी कार्यप्रणाली और सेवाओं में मौजूद ऐसी प्रक्रियाओं की पहचान करें, जिनमें सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों और अन्य हितधारकों से प्राप्त उपयोगी सुझावों का परीक्षण कर उन्हें समयबद्ध तरीके से व्यवहारिक सुधारों में बदला जाए। बैठक में बताया गया कि ‘रिफॉर्म उत्सव’ का उद्देश्य व्यक्तिगत शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि ऐसे सुझाव प्राप्त करना है, जिनसे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिले, व्यवस्थागत समस्याओं का समाधान हो और जिन सुधारों को अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जा सके। अभियान के तहत 11 सितंबर से जनजागरूकता और प्रचार-प्रसार कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। अभियान का समापन 25 से 27 दिसंबर के बीच आयोजित ‘संकल्प सिद्धि’ कार्यक्रम के साथ होगा। जिलाधिकारी ने पंचायतीराज संस्थाओं, नगरीय निकायों, शिक्षण संस्थानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, किसान संगठनों, व्यापारिक संगठनों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं को अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिकाधिक नागरिकों को प्रशासनिक सुधारों के लिए अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी, वसुधा पंत, प्रमोद बिष्ट सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

