
विकासनगर(आरएनएस)। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं, छात्रसंघ पदाधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने विश्वविद्यालय की ओर से जारी परीक्षा परिणामों में सामने आ रही त्रुटियों को जल्द दूर करने के और महाविद्यालय में नए विषयों का संचालन शुरू करने समेत 13 सूत्रीय मांगें उठाई हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में स्नातक स्तर पर कला संकाय में भूगोल, फाइन आर्ट्स, समाजशास्त्र, दर्शनशास्त्र, सैन्य विज्ञान तथा विज्ञान संकाय में कंप्यूटर साइंस विषय शुरू करना शामिल है। इसके अलावा स्नातकोत्तर स्तर पर शिक्षाशास्त्र, संस्कृत, गृह विज्ञान और मानव विज्ञान विषय खोले जाने की मांग की गई है। छात्र संघ अध्यक्ष तुषार कपूर ने कहा कि वर्ष 2014-15 में कला संकाय में अर्थशास्त्र तथा विज्ञान संकाय में जंतु विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान विषय शुरू करने की अनुमति मिलने के बावजूद अब तक पद सृजित नहीं होने के कारण इन विषयों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इन विषयों को तत्काल शुरू करने तथा अर्थशास्त्र, मानव विज्ञान एवं गृह विज्ञान में अटैचमेंट के माध्यम से प्राध्यापकों की नियुक्ति करने की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही बीएड पाठ्यक्रम को स्ववित्तपोषित से पूर्णतः सरकारी करने, बीबीए में स्वीकृत सीटों की संख्या बढ़ाने, महाविद्यालय में सफाईकर्मी एवं चौकीदार के पद बढ़ाने तथा एलएलबी और एमबीए पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग की गई। छात्रों ने महाविद्यालय के सभी शौचालयों की नियमित सफाई एवं व्यवस्था दुरुस्त करने, परिसर और खेल मैदान में उगी घास की कटाई कराने, नई शिक्षा नीति के तहत आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने तथा छात्र-छात्राओं के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध कराने की भी मांग की।छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को लंबे समय से इन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। परीक्षा परिणामों में त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, वहीं कई महत्वपूर्ण विषयों की अनुमति होने के बावजूद पद सृजित न होने से उनका संचालन नहीं हो पा रहा है। हमारी मांगें छात्रहित से जुड़ी हैं। जब तक इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। हम चाहते हैं कि विश्वविद्यालय और शासन छात्रों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर उचित समाधान करें। धरना-प्रदर्शन में छात्रसंघ सहसचिव खुशी, कोषाध्यक्ष टीना, उपाध्यक्ष नकुल, पूर्व सचिव राहुल तोमर, शुभम तोमर, अरुण चौहान, विक्की पंवार, करिश्मा, प्रियांशी, वंश, अनीश, सृष्टि, आरुषि, खुशी, सूरज, रजत, प्रवीण, पलक खन्ना, विकेश, ऋषिका शामिल रहे।

