
अल्मोड़ा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुए-थाई प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 64 खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में सब-जूनियर और जूनियर वर्ग के 28 बालिकाओं तथा 36 बालकों सहित कुल 64 खिलाड़ियों ने भाग लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं। मुए-थाई कोच यशपाल भट्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मुकाबले खेले। विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में अंडर-7 से 12 वर्ष तथा अंडर-13 से 17 वर्ष बालिका वर्ग में कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। वहीं बालक वर्ग के दोनों आयु वर्गों में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में पदक अपने नाम किए। कार्यक्रम में राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित लियाकत अली खान, ललित लटवाल, विनीत बिष्ट, मनोज तिवारी तथा फुटबॉल एसोसिएशन अल्मोड़ा के महासचिव हरीश कनवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। समापन अवसर पर मुए-थाई कोच यशपाल भट्ट ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों में अभिभावकों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाली पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

