
अल्मोड़ा। आयुर्वेद विभाग की ओर से सोमवार को शैल क्षेत्र में आयोजित एक दिवसीय वेदना प्रबंधन शिविर में 257 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में वात रोगों एवं अन्य जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, पंचकर्म, न्यूरोथेरेपी, अग्निकर्म सहित विभिन्न उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद ने बताया कि शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कुंडू, वार्ड सदस्य सौरभ वर्मा और राधा मटियानी ने किया। शिविर में मरीजों की जांच के साथ आवश्यक दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया गया। शिविर के दौरान पंचकर्म चिकित्सा के 37, न्यूरोथेरेपी के 26, मर्म चिकित्सा के 70, अग्निकर्म के 9 तथा संधिवात के 71 मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा 87 रक्त जांच, 27 उच्च रक्तचाप की जांच और 9 ईसीजी परीक्षण भी किए गए। शिविर में मुख्य फार्मेसी अधिकारी अंशुल रावत, फार्मेसी अधिकारी मदन प्रकाश, योग प्रशिक्षक अरविंद, ज्योति रैकवाल, योग अनुदेशक पंकज मेहता, पंचकर्म सहायक अनामिका आशा, आशीष कुमार, दुर्गेश तिवारी, शिब्बन सिंह मेहरा तथा विक्की बाल्मीकि सहित आयुर्वेद विभाग की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं।

