
अल्मोड़ा। जिले में पुलिस का जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को बीर शिवा इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को 112 आपातकालीन सेवा, एकीकृत आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (ईआरएसएस) तथा विभिन्न आपात स्थितियों में मिलने वाली सहायता की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में निरीक्षक दूरसंचार उमाशंकर पाण्डे के नेतृत्व में पुलिस नियंत्रण कक्ष की टीम ने विद्यार्थियों से संवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस सहायता, चिकित्सकीय आपातस्थिति, अग्निकांड, प्राकृतिक आपदा, महिला सुरक्षा अथवा बाल सुरक्षा से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों को 112 मोबाइल ऐप के उपयोग की भी जानकारी दी गई, जिससे आवश्यकता पड़ने पर शीघ्र सहायता प्राप्त की जा सके। कार्यक्रम में बताया गया कि एकीकृत आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली के माध्यम से विभिन्न आपात सेवाओं को एक मंच पर जोड़कर लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जाती है। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को जागरूकता संबंधी प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।



