
देहरादून(आरएनएस)। राजधानी देहरादून में देर रात जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे एक परिवार को रास्ता पूछने के बहाने रोककर मारपीट और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कांवली रोड के पास युवकों के एक समूह ने कार रुकवाई और चालक को कॉलर पकड़कर जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद करीब 10 से 12 युवकों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, आरोपियों ने कार की चाबी छीनने का भी प्रयास किया। विरोध करने पर महिलाओं और बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि हमलावरों ने कार में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद, सोने की चेन और तीन मोबाइल फोन लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान एक युवक के सिर पर गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। वारदात के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी हुआ था विवाद: पीड़ित के अनुसार, 14 अगस्त को भी कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हुआ था। इस संबंध में आईएसबीटी चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि इसके बावजूद विवाद थमा नहीं और अब परिवार के साथ मारपीट व लूट की घटना सामने आई है।
घटना ने देहरादून में रात के समय सड़क पर आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।


