
देहरादून(आरएनएस)। रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन रोड पर मंगलवार रात 2:25 बजे तेज रफ्तार टाटा सफारी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार चला रहे 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब 2:25 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रायपुर थाने की चीता और मोबाइल टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि तपोवन रोड पर विष्णु लोक के सामने टाटा सफारी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलटी हुई थी। पुलिस पूछताछ में पता लग कि गाड़ी में कुल चार युवक सवार थे। हादसे में कार चला रहे अनिकेत (18 वर्ष) पुत्र राजकुमार निवासी ब्रह्मावाला खाला, रायपुर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसके दो साथी हर्षित (18 वर्ष) पुत्र मुकेश कुमार और शोएब मलिक (19 वर्ष) पुत्र अलाउद्दीन मलिक दोनों निवासी ब्रह्मावाला खाला घायल हो गए। कार में सवार चौथे युवक अजय (20 वर्ष) पुत्र पोप सिंह निवासी भद्रकाली एनक्लेव सौंधेवाली को मामूल चोट आई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और उपचार के लिए तुरंत कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया। वर्तमान में हर्षित और शोएब का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं अनिकेत के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह: पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण गाड़ी की तेज रफ्तार माना जा रहा है। कार की गति काफी तेज थी। जिसके चलते चालक संतुलन खो बैठा और गाड़ी सीधे पेड़ से जा टकराई। मृतक अनिकेत के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।

