
देहरादून(आरएनएस)। साइबर ठगों ने एक पुलिसकर्मी के नाबालिग बेटे को ओएलएक्स पर सस्ती कार का झांसा दे 46,500 रुपये ठग लिए। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने सोमवार को पीड़ित हेड कांस्टेबल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल नवीन सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे को स्कूल के काम के लिए मोबाइल दिया गया था। इसी दौरान ओएलएक्स पर एक आल्टो कार का विज्ञापन देखकर उसने संपर्क किया। आरोपियों ने फर्जी आरसी और शपथ पत्र भेजकर नाबालिग को झांसे में लिया और यूपीआई के माध्यम से कुल 46,500 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।ठगी की मुख्य घटना बीते एक जून 2026 की है, जब नवीन सिंह अपनी ड्यूटी पर थे। ठगी का अहसास होने पर नवीन सिंह ने आधे घंटे के भीतर साइबर थाने और 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि तत्काल शिकायत के बावजूद एनएसडीएल पेमेंट बैंक के नोडल अधिकारी ने लापरवाही बरती और ठगी गई रकम को होल्ड नहीं किया। इससे बैंक खातों से रकम ट्रांसफर कर ली गई। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।



