
काशीपुर(आरएनएस)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यूपी के स्वार की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन से करीब डेढ़ क्विंटल पनीर और दूध पकड़ा गया। टीम ने प्राथमिक जांच के बाद पनीर के नमूने सील कर दिए और विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
मंगलवार को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ललित मोहन पांडे और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में टीम ने रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर यूपी की ओर से आ रहे पिकअप वाहन को रोका। शक के आधार पर वाहन में लदे करीब 1.5 क्विंटल पनीर और दूध की केमिकल किट से मौके पर जांच की गई। सहायक आयुक्त ललित ने बताया कि प्राथमिक जांच में पनीर सही पाया गया है, लेकिन पूर्ण शुद्धता की पुष्टि के लिए नियमानुसार नमूने लिए गए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मिलावटी पनीर और दूध की आपूर्ति की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को लेकर अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

