
श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस ने एक इको एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। बरामद गांजे की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है।थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि आवास विकास ग्राउंड के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध लगने पर एक प्राइवेट एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से 90 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से रविंद्र सिंह बिष्ट (45) निवासी चौरास, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट में एंबुलेंस का संचालन करता है। वह एक अन्य व्यक्ति के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा खरीदकर श्रीनगर ला रहा था। यहां इसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। पुलिस अब गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
कोतवाली श्रीनगर में आरोपी के खिलाफ धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज रहा है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवाड़ी, उपनिरीक्षक विजय शैलानी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

