
अल्मोड़ा। लमगड़ा विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज (राइंका) पुभाऊं में अतिथि शिक्षिका पर छात्रा की पिटाई का आरोप लगने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा के शरीर पर चोट के निशान और घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को कक्षा में गृहकार्य की जांच के दौरान छात्रा का कार्य अधूरा मिलने पर अतिथि शिक्षिका ने कथित रूप से उसकी पिटाई कर दी। घर पहुंचने पर छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान देखने के बाद नाराजगी जताई। इसके बाद छात्रा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को विद्यालय परिसर में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की आपात बैठक बुलाई गई है। बैठक में ग्राम प्रधान, अभिभावकों और शिक्षकों की मौजूदगी में आरोपित अतिथि शिक्षिका का अनुबंध समाप्त करने तथा उन्हें पद से हटाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
इधर, परिजनों और ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित शिक्षिका के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता ने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


