
अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा ने शुक्रवार को आर्य समाज मंदिर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। ‘देवभूमि के बुजुर्गों का मान, विधिक सेवा का सम्मान’ अभियान के तहत आयोजित शिविर में बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण और निःशुल्क दवा वितरण भी किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सचिव अनामिका सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम-2007, जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा, भरण-पोषण के अधिकार, नालसा हेल्पलाइन 15100, ई-ट्रू कॉपी, ई-सेवा केंद्र और मुकदमों की ई-फाइलिंग सहित विभिन्न कानूनी सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान नालसा का थीम गीत ‘एक मुट्ठी आसमान’ भी प्रस्तुत किया गया। स्वास्थ्य शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हवालबाग के डॉ. फर्बू सिंह खम्पा और उनकी टीम ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित कीं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की रिटेनर अधिवक्ता तुलसी जौहरी ने निःशुल्क विधिक सहायता, स्थायी लोक अदालत और आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए। कार्यक्रम में आर्य समाज के सदस्य दयानंद काण्डपाल, दिनेश चंद्र तिवारी, गौरव भट्ट, मोहन सिंह रावत सहित अधिकार मित्र संदीप सिंह नयाल, आरती कठैत और सरिता आर्या उपस्थित रहे।


