
अल्मोड़ा। कुमाऊँ के लोक देवता एवं न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज की गाथा पर आधारित उत्तराखंड की पहली वीएफएक्स फिल्म ‘बाला गोरिया’ आगामी 16 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हिमाद्री प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी इस फिल्म के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और लोक आस्था को आधुनिक तकनीक के साथ बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। फिल्म का लेखन एवं निर्देशन नितिन तिवारी ने किया है, जबकि निर्माता मनोज चंदोला हैं। फिल्म में गोल्ज्यू महाराज की लोकगाथा को नई पीढ़ी और देश-दुनिया के दर्शकों तक प्रभावशाली ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया गया है। फिल्म अल्मोड़ा के लिए भी विशेष महत्व रखती है। विहान सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था की अध्यक्ष और स्थानीय कलाकार ममता वाणी भट्ट फिल्म में बाला गोरिया की मां की अहम भूमिका निभा रही हैं। वहीं राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के पूर्व छात्र और संस्था के संरक्षक आलोक वर्मा मुख्य खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे। वरिष्ठ रंगकर्मी एवं संस्था के कोषाध्यक्ष नरेश बिष्ट ने फिल्म में बाला गोरिया के पिता की भूमिका निभाई है। फिल्म से जुड़े कलाकारों का कहना है कि स्थानीय प्रतिभाओं की बड़े पर्दे पर मौजूदगी उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, रंगमंच और कला को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही फिल्म के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और लोक देवताओं की गाथाओं को व्यापक स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

